जयपुर , मई 24 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को बांसवाडा जिले में त्रिपुरा सुंदरी माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर दर्शन किये और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस दौरान श्री देवनानी का मंदिर परिसर में मंदिर प्रशासन द्वारा पारंपरिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि त्रिपुरा सुंदरी धाम श्रद्धा एवं आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्री देवनानी ने बांसवाड़ा प्रवास के दौरान संत कंवर नगर स्थित नवनिर्मित श्री झूलेलाल मंदिर में दर्शन कर आरती की। इस अवसर पर सिंधी समाज अध्यक्ष अनिल मैठानी ने श्री देवनानी का साफा, ओपरणा पहनाकर अभिनंदन किया। इस मौके पर पूर्व चिकित्सा मंत्री भवानी जोशी सहित अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

इस अवसर अपने उद्बोधन में श्री देवनानी ने कहा कि सिंधी समाज ने अखंड भारत सिंध से 1947 में बंटवारे का दर्द देखा। भारत में आकर सिंधी समाज ने अपनी ईमानदारी , मेहनत और लगन से पुनः अपना मुकाम हासिल करते हुए अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित