जयपुर , जुलाई 26 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कारगिल विजय दिवस पर रविवार को यहां विधानसभा में कारगिल शौर्य वाटिका में निर्मित स्मारक स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
विधानसभा परिसर में कारगिल शौर्य वाटिका में श्री देवनानी के अलावा पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथीन्द्र बोस, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक श्री गोपाल शर्मा, राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर और विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री भारत भूषण शर्मा सहित विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इस मौके आरएसी बटालियन के अधिकारियों ने सलामी दी।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस, सैनिकों के साहस, अनुशासन, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राजस्थान वीरों की धरती है। यहां के जवानों ने देश की रक्षा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। विधान सभा परिसर में कारगिल शौर्य वाटिका की स्थापना वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान की स्मृतियों को जीवंत रखने की पहल है।
उन्होंने वर्ष 1999 में हुए कारगिल युद्ध को भारतीय सेना के साहस और बलिदान का महत्वपूर्ण उदाहरण बताते हुए कहा कि शौर्य वाटिका इस युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की वीरता को समर्पित है।
श्री देवनानी ने कारगिल विजय दिवस पर अमर जवान ज्योति पर भी पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित