नयी दिल्ली , अक्टूबर 26 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को यहां श्रीलंका के उच्चायोग में आयोजित 'दिवाली डैज़ल नाइट-2026' समारोह में भाग लिया।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने विभिन्न देशों के राजदूतों एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। समारोह में भारतीय संस्कृति, परंपरा और रामायण के शाश्वत मूल्यों का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया।
ग्लोबल ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल (इंडिया) तथा लायंस क्लब दिल्ली वेग की ओर से आयोजित इस समारोह में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, राजस्थान सरकार के प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार तथा राजस्थानी अकादमी के अध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े मर्यादा, कर्तव्य, त्याग और आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला शाश्वत संदेश है। भगवान श्रीराम का मर्यादित आचरण, माता सीता का धैर्य एवं समर्पण, लक्ष्मण का भ्रातृप्रेम और त्याग तथा भरत का सत्ता के प्रति अनासक्ति का भाव भारतीय संस्कृति के ऐसे आदर्श हैं, जो आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
श्री देवनानी ने रावण के अहंकार के दमन का उल्लेख करते हुए इस बात को रेखांकित किया कि अहंकार, अन्याय और अधर्म का अंत निश्चित है वहीं मर्यादा, सत्य, त्याग और सदाचार जैसे मूल्य मानवता को सही मार्ग दिखाते हैं। रामायण का संदेश किसी एक देश या समाज तक सीमित नहीं, बल्कि विश्व समुदाय के लिए भी प्रासंगिक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित