जयपुर , जुलाई 25 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी कारगिल विजय दिवस पर रविवार को विधानसभा परिसर में शहीदों को पुष्पाजंलि अर्पित कर नमन करेंगे।
श्री देवनानी कल सुबह सवा दस बजे विधानसभा की कारगिल शौर्य वाटिका में निर्मित स्मारक स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन करेंगे। इस अवसर पर पश्चिमबंगाल विधानसभा के विधानसभा अध्यक्ष रथीन्द्र बोस भी मौजूद रहेंगे।
श्री देवनानी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस, राष्ट्रभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान का संकल्प लेने का अवसर है। युवा पीढ़ी को वीर सैनिकों से साहस, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान वीरों की धरती है और प्रदेश के वीर जवानों ने देश की रक्षा में सदैव अग्रणी भूमिका निभायी है। विधानसभा परिसर में कारगिल शौर्य वाटिका की स्थापना वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान की स्मृतियों को सदैव जीवंत रखने का प्रयास है।
श्री देवनानी की पहल पर विधानसभा परिसर में गत वर्ष कारगिल शौर्य वाटिका का निर्माण किया गया। इस वाटिका में हरियाली अमावस्या पर एक हजार एक सौ पौधे लगाये गये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित