रांची , अप्रैल 08 -- झारखंड के देवघर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में आज असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पहुंचे।

यहां आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। असम विधानसभा चुनाव से महज एक दिन पहले श्री सरमा का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। स्वागत के बाद वे देवघर के प्रसिद्ध सत्संग आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की।

इसके बाद श्री सरमा सीधे बैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचे और वहां विधिवत विशेष पूजा की। उनकी यात्रा को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूजा के दौरान आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई थी, हालांकि पूजा समाप्त होते ही मंदिर के पट फिर से खोल दिए गए।

मंदिर में पूजा के दौरान उनके साथ भाजपा सांसद निशिकांत दूबे और उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं। पूजा के बाद मुख्यमंत्री कुछ समय के लिए निशिकांत दूबे के आवास पर विश्राम और भोजन के लिए रुके।

देवघर पहुंचने के बाद श्री सरमा ने मीडिया से बातचीत नहीं की। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता का पालन करते हुए वे फिलहाल कोई बयान नहीं देंगे और चुनाव परिणाम के बाद ही खुलकर बात करेंगे। असम चुनाव से ठीक पहले बाबा बैद्यनाथ धाम में उनका आशीर्वाद लेना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित