रांची , जुलाई 12 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने देवघर एयरपोर्ट पर मदीना मुनव्वरा से आए इस्लामी विद्वानों एवं समाजसेवियों शेख हारून मलिक अब्दुल हक़ और शेख अब्दुल वहीद अब्दुल हक़ (इमाम, मदीना) से मुलाकात कर उनका स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने दोनों विद्वानों से राज्य, देश और समाज की खुशहाली के लिए दुआ की अपील की।
डॉ. अंसारी ने बताया कि महागामा में आयोजित एक बड़े धार्मिक सम्मेलन में उनकी उपस्थिति पूर्व निर्धारित थी, लेकिन दिल्ली में सरकारी कार्यक्रमों के कारण वह इसमें शामिल नहीं हो सके। उन्होंने इस पर खेद व्यक्त किया।
डॉ अंसारी ने कहा कि शेख हारून मलिक अब्दुल हक़ शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। विशेष रूप से हज और उमराह पर जाने वाले भारतीय जायरीन की सेवा, मार्गदर्शन और सहयोग के लिए उन्हें व्यापक सम्मान प्राप्त है।
मुलाकात के दौरान शेख हारून मलिक ने झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं में हो रहे सुधार की सराहना करते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार इच्छुक हो तो वे झारखंड में मेडिकल कॉलेज एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना में सहयोग देने के लिए तैयार हैं। इस पर डॉ. अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार जनहित से जुड़े ऐसे प्रयासों का स्वागत करती है और भविष्य में इस दिशा में सकारात्मक संवाद आगे बढ़ाया जाएगा।
डॉ. अंसारी ने कहा कि उन्होंने झारखंड, देश और समाज में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ की दरख्वास्त की। साथ ही अल्लाह से मक्का और मदीना शरीफ की हाज़िरी का सौभाग्य मिलने की भी प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि समाज सेवा के लिए समर्पित ऐसी महान हस्तियों से मुलाकात और उनका मार्गदर्शन जनसेवा के लिए नई प्रेरणा देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित