पटना, जुलाई 19 -- निवार देर रात लगभग पांच घंटे तक हुई लगातार बारिश के बावजूद पटना नगर निगम एवं बुडको की पूर्व निर्धारित रणनीति और त्वरित कार्रवाई के कारण शहर के अधिकांश क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।जहां कहीं भी पानी जमा हुआ, वहां टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए न्यूनतम समय में जलनिकासी सुनिश्चित की।नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव-सह-बुडको के प्रबंध निदेशक एवं नगर आयुक्त के संयुक्त नेतृत्व में पूरी रात अभियान की निगरानी की गई, जबकि सभी वरीय पदाधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में मौजूद रहकर जलनिकासी कार्यों का लगातार निरीक्षण करते रहे।

बारिश शुरू होते ही पटना नगर निगम की क्विक रिस्पॉन्स टीम पूरी तरह सक्रिय हो गई। टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में खुले नालों, कैचपिट एवं ड्रेनेज प्वाइंट्स पर लगातार फ्लोटिंग कचरे की सफाई की, जिससे वर्षा जल का प्रवाह बाधित नहीं हुआ और पानी की स्वतः एवं त्वरित निकासी होती रही। इस सतत निगरानी और सफाई अभियान का परिणाम यह रहा कि अधिकांश स्थानों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न ही नहीं हुई।

साथ ही बुडको द्वारा सभी 56 ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों (डीसीपीएस) को तत्काल संचालित कर दिया गया।सभी पंपिंग स्टेशनों की कार्यप्रणाली पर कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी एवं रिपोर्टिंग की गई। इसके अतिरिक्त, सात संवेदनशील पंपिंग स्टेशनों पर वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर उनकी सतत निगरानी में संप हाउस का संचालन सुनिश्चित किया गया, जिससे वर्षा जल की त्वरित एवं प्रभावी निकासी संभव हो सकी।

पूरे अभियान के दौरान पटना नगर निगम एवं बुडको की टीमें वॉकी-टॉकी के माध्यम से निरंतर समन्वय एवं संपर्क में रहीं। बेहतर समन्वय, सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलनिकासी सुचारु रूप से हुई तथा शहर को जलजमाव से मुक्त रखने में सफलता मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित