संगरूर , मई 13 -- शिरोमणि अकाली दल नेता एवं पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने बुधवार को कहा कि पंजाब सरकार की गलत नीतियों के कारण पंजाब के कारोबारी हरियाणा तथा अन्य पड़ोसी राज्यों में पलायन कर रहे हैं और राज्य सरकार इन कारोबारियों को रोकने की बजाए अपनी पार्टी की राजनीति में उलझी हुई है।
श्री खन्ना ने शिरोमणि अकाली दल की ओर से चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत अग्रवाल सभा संगरूर में आढ़ती एसोसिएशन एवं अन्य संगठनों के साथ मुलाकात की।उन्होंने कहा कि पंजाब में इस समय छोटे- मंझले उद्योगपति और कारोबारी संकट का सामना कर रहे हैं। सरकारी दफ्तरों में कोई काम बिना पैसे दिए नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल की सरकार के समय में सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया था। वर्तमान सरकार में केवल कारोबारियों से वसूली के लिए सिंगल विंडो चल रही है। प्रदेश में आए दिन उद्योगपतियों से फिरौती मांगी जा रही है।उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के ट्रेड एवं व्यापार विंग के लोग राज्य के कारोबारियों, व्यापारियों तथा उद्योगपतियों से मुलाकात करके उनकी समस्याएं पूछ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में अकाली दल की सरकार के सत्ता में आने पर व्यापारियों की समस्याओं का पहल के आधार पर समाधान किया जाएगा। अकाली दल का ट्रेड एवं व्यापार विंग इसके लिए वचनबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित