भिण्ड , मई 11 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में पीएम एक्सीलेंस एमजेएस कॉलेज में जीवाजी विश्वविद्यालय की एमए परीक्षा के दौरान दूसरे छात्र की जगह परीक्षा दे रहे एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार से जिले में एमए परीक्षाएं शुरू हुई हैं। एमजेएस कॉलेज परीक्षा केंद्र पर शिवम समाधिया नामक छात्र की जगह एक अन्य युवक परीक्षा देने पहुंचा था। हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान दस्तावेजों और फोटो का मिलान करते समय एडमिट कार्ड में लगे फोटो और युवक के चेहरे में अंतर पाए जाने पर कॉलेज प्रबंधन को संदेह हुआ।
मामला संदिग्ध लगने पर केंद्राध्यक्ष ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूचना मिलने पर तहसीलदार मोहनलाल शर्मा भी कॉलेज पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी भी कॉलेज पहुंच गए और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। परिषद के जिला संयोजक सूर्या भदौरिया ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन मामले को दबाने का प्रयास कर रहा था। वहीं छात्र नेता रिशेंद्र राजावत ने कॉलेज में दलालों के सक्रिय होने का आरोप लगाया।
कॉलेज के प्राचार्य आर.ए. शर्मा ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व कॉलेज की व्यवस्थाएं बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित