इंदौर , जनवरी 30 -- मध्यप्रदेश के इंदौर में दूषित पेयजल के कारण कई लोगों की मौत के मामले में कांग्रेस आगामी तीन फरवरी को इंदौर में धरना-प्रदर्शन करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने यहां संवाददाताओं से चर्चा में आरोप लगाया कि इंदौर में दूषित पानी से लोग मर रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी के मंत्री 'छुट्टी' पर चले गए हैं। 31 निर्दोष लोगों की मौत पर श्रद्धांजलि देने और 'कुंभकर्णीय' नींद में सो रही हत्यारी सरकार की जवाबदेही तय करने के लिए कांग्रेस पार्टी 3 फ़रवरी को इंदौर में धरना प्रदर्शन करेगी।

इसके पहले श्री पटवारी ने साेशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में कहा कि एक महीने में दूषित पानी से 31 लोगों की सरकारी लापरवाही के कारण मौतें हो गईं, लेकिन आज भी भाजपा में न कोई कार्रवाई हुई, न कोई जिम्मेदारी तय हुई। हर रोज गंदे पानी के चलते एक परिजन को खो रहे हैं, और फिर भी भाजपा सरकार अदालत में झूठी रिपोर्ट देकर अपने मंत्री और संतरी को बचाने में लगी हुई है। शर्मनाक है कि इतनी मौतों के बाद भी भाजपा सरकार में संवेदना और शर्म शून्य हैं।

इंदौर में कथित तौर पर दूषित पेयजल से एक और व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। इससे जुड़े अब तक लगभग दो दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित