श्रीगंगानगर , मई 14 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के जैतसर कस्बे में वाटर पार्क में पिकनिक मनाने गये एक निजी स्कूल के बच्चे दूषित खाद्य सामग्री के सेवन से बीमार हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतसर स्थित जीनियस कान्वेंट स्कूल की कक्षा एक से आठवीं तक के करीब 48 बच्चे आज श्रीगंगानगर से सात किमी दूर नेतेवाला में एक वाटर पार्क घूमने गये थे। वहां नहाने-खेलने का मजा लेते हुए अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी। उल्टी, पेट दर्द और अन्य लक्षण दिखने लगे। स्कूल स्टाफ ने तुरंत सभी बच्चों को श्रीगंगानगर के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उन्हें भर्ती कर लिया गया।

इसका पता चलने पर जिला अस्पताल पहुंचे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अजय सिंगला ने स्पष्ट किया कि बच्चों ने वाटर पार्क में कुछ नहीं खाया-पीया था। कुछ बच्चे तो वहां नहाने भी गये थे, लेकिन बीमार होने का कारण रास्ते में मिला खाना-पीना है।

डॉ. सिंगला ने बताया कि बच्चे सुबह पिकनिक के लिए निकले थे। रास्ते में बुड्ढाजोहड़ में उन्होंने लस्सी पी थी। इसके अलावा स्नैक्स और चिप्स भी खाये थे। वाटर पार्क पहुंचकर उनकी तबीयत बिगड़ गयी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। 10-12 बच्चे ठीक हो चुके हैं, जबकि 30-35 बच्चे अभी भी भर्ती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित