चम्पावत , सितम्बर 29 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चंपावत विधानसभा के दूरस्थ गांव सिंगदा में मंगलवार को "सेवा संकल्प अभियान" के तहत बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया जिसमें 510 ग्रामीण विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार प्रदेश सरकार की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे प्रदेश में बहुदेश्शीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। खासकर दूरस्थ क्षेत्रों में ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" कार्यक्रम की कड़ी में बाराकोट के सिंगला में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया और ग्रामीणों को एक मंच पर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। उन्होंने कहा कि लगभग 510 लाभार्थियों ने विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 118, पंचायती राज विभाग द्वारा 84, पशुपालन विभाग द्वारा 81, उद्यान विभाग द्वारा 74, आयुष एवं होम्योपैथिक विभाग द्वारा 53, कृषि विभाग द्वारा 22, कौशल विकास विभाग द्वारा 14, सहकारिता विभाग द्वारा 10 तथा श्रम विभाग द्वारा 7 ग्रामीणों को लाभ पहुंचाया गया। इस दौरान 57 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के उच्चीकरण, मंदिर की सुरक्षा दीवार, फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़, पेयजल लाइन एवं सड़क सुधारीकरण से संबंधित मांगों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान सिंगदा श्रीमती चंद्रा देवी ने राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के कारण कई मकानों को खतरा होने की समस्या रखी। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी लोहाघाट, अधिशासी अभियंता एनएच एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को संयुक्त रूप से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं सिंगदा के देवराज सिंह, कुंवर सिंह, राम सिंह, गणेश सिंह सहित अन्य ग्रामीणों द्वारा फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की मांग पर मुख्य कृषि अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सोलर लाइट, सुरक्षा दीवार, गौशाला, विद्यालयों में बाउंड्री, आवास, खेल मैदान, शौचालय एवं पेयजल से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
यही नहीं शिविर में सेवा के साथ सामाजिक सरोकारों की भी सुंदर तस्वीर देखने को मिली। "आंगन मिलन" कार्यक्रम के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण संबंधी जानकारी दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित