नयी दिल्ली , फ़रवरी 25 -- दूरसंचार विभाग (डीओटी) की तकनीकी शाखा दूरसंचार अभियांत्रिकी केंद्र (टीईसी) ने उन्नत दूरसंचार प्रौद्योगिकियों और वैश्विक मानकीकरण गतिविधियों में संयुक्त अध्ययन, अनुसंधान और तकनीकी सहयोग करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान(आईआईटी)खड़गपुर के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

संचार मंत्रालय ने आज बताया कि इस साझेदारी का उद्देश्य 6जी, ऑप्टिकल संचार, एनटीएन जैसी भविष्य की नेटवर्क प्रौद्योगिकियों में भारत-विशिष्ट मानक विकसित करना है, साथ ही पैसिव ऑप्टिकल नेटवर्क प्रौद्योगिकी, उन्नत एंटीना सिस्टम, 5जी और भविष्य के वायरलेस नेटवर्क के लिए एमआईएमओ प्रौद्योगिकी, ईएमएफ निगरानी समाधान जैसी दूरसंचार प्रौद्योगिकियों में सहयोग करना है। इस साझेदारी का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ का मानकीकरण क्षेत्र और अन्य वैश्विक मंचों में भारत की भागीदारी को बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि यह साझेदारी टीईसी को अगली पीढ़ी की दूरसंचार और मानकीकरण गतिविधियों पर आईआईटी खड़गपुर के साथ मिलकर काम करने के लिए एक औपचारिक ढांचा प्रदान करती है।

यह सहयोग दूरसंचार क्षेत्र में स्वदेशी अनुसंधान, डिजाइन और विनिर्माण को मजबूत करके आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को आगे बढ़ाएगा। भारत-विशिष्ट मानकों, परीक्षण ढांचों और स्वदेशी समाधानों को विकसित करेगा जो राष्ट्रीय आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगा, महत्वपूर्ण संचार बुनियादी ढांचे को सुरक्षित करेगा और आयात पर निर्भरता को कम करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित