जयपुर , अक्टूबर 24 -- दूरदर्शन जयपुर के प्रथम समाचार संपादक एवं भारतीय सूचना सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एम आर सिंघवी का शनिवार को यहां निधन हो गया।
वह करीब 90 वर्ष के थे और हृदय संबंधी बीमारी से अस्वस्थ थे। उनका अंतिम संस्कार रविवार सुबह आदर्श नगर मोक्षधाम में होगा। उनकी शवयात्रा सुबह साढ़ें नौ बजे मालवीय नगर स्थित उनके निवास से रवाना होगी।
पाली जिले के सोजत सिटी में जन्मे श्री सिंघवी ने भारतीय सूचना सेवा में लगभग चार दशक तक सेवाएं दी। उन्होंने आकाशवाणी जयपुर में समाचार संपादक और दिल्ली स्थित रिसर्च पब्लिकेशन विंग में क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
वर्ष 1990 में दूरदर्शन जयपुर का समाचार बुलेटिन शुरू होने के दौरान उन्होंने संस्थापक समाचार संपादक के रूप में समाचार व्यवस्था स्थापित करने में अहम भूमिका निभायी थी। वह निदेशक (समाचार), दूरदर्शन जयपुर के पद से सेवानिवृत्त हुए और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें दो बार सेवाविस्तार मिला।
पत्रकारिता में योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रपति का पत्रकारिता पुरस्कार और राजस्थान के राज्यपाल द्वारा 'राजस्थान पत्रकारिता गौरव' सम्मान प्रदान किया गया। विभिन्न संस्थाओं ने भी उन्हें सम्मानित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित