चंदौली , सितम्बर 24 -- चंदौली जिले की चकरघट्टा थाना पुलिस ने दुष्कर्म और विषैला पदार्थ खिलाने के मामले में वांछित 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी 24 सितंबर की सुबह करीब सात बजे मुखबिर की सूचना पर बरहवा पुलिया से पहले नौगढ़ जाने वाले मार्ग पर आम के पेड़ के पास से की गई।

पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को तेन्दुआ गांव निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी बेटी की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए नौगढ़ ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर किया। वहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने विषैले पदार्थ के सेवन की बात बताई। होश में आने के बाद युवती ने एक युवक पर बहला-फुसलाकर बुलाने, दुष्कर्म करने और जबरन विषैला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया था।

मामले में चकरघट्टा थाने में मु0अ0सं0 51/2026, धारा 64(1) व 123 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महानन्द पुत्र गुलाब, निवासी ग्राम तेन्दुआ, थाना चकरघट्टा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय चकिया, चंदौली के लिए रवाना कर दिया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार यादव, कांस्टेबल अजय तिवारी और कांस्टेबल संदीप सिंह शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित