डेहरी आन सोन , नवंबर 10 -- बिहार में रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के महज पांच घंटे के भीतर तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक राज के अनुसार, पीड़िता नौ नवंबर को अपने घर से निकली थी। बंजारी के पास उसने एक ऑटो चालक से तिलौथू चलने के लिए कहा। ऑटो में चालक के अलावा दो अन्य व्यक्ति भी सवार थे। आरोप है कि तीनों उसे तिलौथू ले जाने के बजाय औरंगाबाद जिले के बारूण ले गए, जहां एक कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया गया।उन्होंने बताया कि मंगलवार को ऑटो चालक युवती को तिलौथू छोड़कर भागने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान परिजनों की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के बयान और चालक से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अन्य दोनों आरोपियों को भी बारूण थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान औरंगाबाद जिले के बारूण थाना क्षेत्र के चन्दर बिगहा गांव निवासी जमुना राम, अरविन्द कुमार और नन्हक राम के रूप में की गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित