अंबिकापुर , मई 10 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकाप में फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर पीड़िता की आपत्तिजनक फोटो/वीडियो प्रसारित करने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने एवं ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

आज पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने दिनांक 01 मई 2026 को पुलिस चौकी लटोरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान एक शादी समारोह के दौरान अनोज दास, निवासी सलका पतरा टोली, थाना दरिमा, जिला सरगुजा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। आरोपी द्वारा विवाह का आश्वासन देकर अंबिकापुर के पटपरिया क्षेत्र स्थित किराए के मकान में कई बार बुलाकर दुष्कर्म किया गया।

आरोप है कि बाद में आरोपी ने किसी अन्य युवती से विवाह कर लिया। इसका विरोध करने पर आरोपी द्वारा पीड़िता की निजी एवं आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई तथा उसे पुनः शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया जाने लगा, जिससे पीड़िता की सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुंची।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित