जयपुर , फरवरी 26 -- राजस्थान पुलिस की सीआईडी अपराध शाखा ने दुल्हन बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के बाद एक और मास्टरमाइंड एवं आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस मामले में वांछित आरोपी महावीर सुथार को जयपुर के मानसरोवर स्थित भारत माता सर्किल से दस्तयाब किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी पर बालोतरा पुलिस द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि इस गिरोह का सक्रिय सदस्य महावीर निवासी उनियारा टोंक जयपुर के मानसरोवर इलाके में छिपा है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारत माता सर्किल पर जाल बिछाया और आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बालोतरा से आई थाना गिड़ा पुलिस टीम के सुपुर्द कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित