, May 4 -- औरंगाबाद से प्राप्त रिपोर्ट केअनुसार जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के घटराईन भुईयां बिगहा गांव के बधार में आम चुनने गए दो किशोर की वज्रपात की चपेट में आने से झुलस कर मौत हो गयी। मृतकों की पहचान राम प्यारे भुईयां के 11 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार एवं गणेश भुईयां के 10 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रुप में की गई है। वहीं जिले के जम्होर थाना क्षेत्र के पासी मुहल्ला में विजय कुमार चौधरी के आठ वर्षीय पुत्र बजरंगी की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। इसी तरह जिले के गोह थाना क्षेत्र के डीहुरी गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गये। झुलसे दोनों लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान गोह थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव निवासी राजू सिंह के 30 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में की गई है।
गयाजी से मिली सूचना के अनुसार जिले के शेरघाटी थाना क्ष्रेत्र के जोगापुर गांव में वज्रपात की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गयी।मृतकों की पहचान जोगापुर निवासी गौतम कुमार,संदीप कुमार और दिलकेश कुमार के रूप में की गयी है। तीनों युवक गांव के पास बगीचे में आम के टिकोले चुनने गये हुये थे। इस दौरान वज्रपात की चपेट में आने से तीनों युवकों की झुलसकर मौत हो गयी।
भभुआ से प्राप्त सूचना के अनुसार कैमूर जिले मे दुर्गावती थाना क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी।मृतक भभुआ थानान्तर्गत बरना निवासी महेश सिंह का पुत्र था। वहीं भगवानपुर थानान्तर्गत गोबरछ गांव के निकट ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी है। मृतक की पहचान भभुआ नगर परिषद वार्ड नं0 18 के पार्षद अरमान राईन के रूप में की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित