तरनतारन , जून 26 -- पंजाब में तरनतारन जिले के पट्टी क्षेत्र में गुरुवार रात एक हादसे में पंजाब पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक अमरजीत सिंह की मौत हो गयी। वह कैरों पुलिस चौकी के प्रभारी के रूप में तैनात थे।
पुलिस के अनुसार 52 वर्षीय एएसआई अमरजीत सिंह अपनी सर्विस पिस्टल की सफाई कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गयी। गोली उनके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल, पट्टी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पट्टी के पुलिस उप अधीक्षक रविशेर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि एएसआई की मौत सर्विस हथियार की सफाई के दौरान गोली लगने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि पट्टी क्षेत्र में कुछ दिनों के भीतर यह दूसरा ऐसा मामला है। इससे पहले पट्टी अदालतों की सुरक्षा में तैनात पुलिस चौकी प्रभारी गुरमीत सिंह की भी सर्विस हथियार से गोली लगने से मौत हो गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित