राजनांदगांव , अक्टूबर 11 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से सांसद संतोष पांडेय ने आगामी त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या और नियमित ट्रेनों में आरक्षण की समस्या को देखते हुए दुर्ग से हरिद्वार तथा महाराष्ट्र के गोंदिया से श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा तक दो विशेष ट्रेनें संचालित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
सांसद पांडेय ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक यात्रा और पवित्र स्नान के लिए उत्तराखंड के हरिद्वार एवं ऋषिकेश जाते हैं। विशेषकर त्योहारी अवधि में इन धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। वर्तमान में इस मार्ग पर संचालित नियमित ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची लंबी होने के कारण यात्रियों को आरक्षित टिकट प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दुर्ग से हरिद्वार के बीच विशेष ट्रेन का संचालन यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा।
उन्होंने गोंदिया से श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा के बीच भी विशेष रेल सेवा प्रारंभ करने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए दुर्ग, रायपुर, उसलापुर (बिलासपुर) और कटनी मुड़वारा होते हुए ट्रेन संचालित करने का सुझाव दिया गया है। सांसद के अनुसार, इस मार्ग पर विशेष ट्रेन शुरू होने से छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र के यात्रियों को उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
सांसद पांडेय ने पत्र के साथ छत्तीसगढ़ रेल विकास संगठन से प्राप्त पत्र भी संलग्न किया है। उन्होंने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक से जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दोनों विशेष रेल सेवाओं की मांग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित