दुर्ग , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शक के चलते अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद ही डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान यूनेश्वरी वर्मा (26) के रूप में हुई है, जो खैरागढ़ जिले के चिचोला की निवासी थी और दुर्ग में रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोपी कार्तिक राम साहू (27), बालोद जिले का रहने वाला है। दोनों की पहचान दुर्ग-बालोद रोड स्थित बीएम कॉलेज, कोलिहापुरी में बी.एड की पढ़ाई के दौरान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी को युवती के चरित्र को लेकर संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 17 अप्रैल की दोपहर आरोपी युवती को सुभाष नगर स्थित अपने किराए के कमरे में ले गया, जहां इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। विवाद के दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित