दुर्ग , मई 12 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में युवती से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद सोमवार देर रात हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक युवक की हत्या कर दी गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के राजीव नगर निवासी जितेश ठाकुर (20) पर देर रात केजू राइस मिल के पास पांच युवकों ने हमला कर दिया। घटना देर रात करीब दो बजे की है। हमले में जितेश ठाकुर की मौके पर मौत हो गई, जबकि राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार आरोग्यम हॉस्पिटल में जारी है, जहां एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और त्वरित कार्रवाई करते हुए सुबह तक हत्या के मामले में शामिल पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि विवाद गर्लफ्रेंड से बातचीत को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित