दुर्ग , अक्टूबर 16 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 24 वर्षीय युवती ने बीते दिन कथित मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पास से छत्तीसगढ़ी भाषा में लिखा एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें एक युवक पर शारीरिक संबंध बनाने, शादी के लिए दबाव डालने तथा परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। युवती दुर्ग के एक निजी संस्थान में कार्यरत थी। घटना के समय वह घर में अकेली थी। ड्यूटी से लौटने के बाद उसके बड़े भाई ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पड़ोसी की सहायता से घर में प्रवेश किया। अंदर युवती फंदे पर लटकी मिली। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट में युवती ने अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी मांगते हुए लिखा है कि वह मरना नहीं चाहती थी, लेकिन युवक की प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर यह कदम उठाने के लिए मजबूर हो गई। नोट में युवती ने आरोप लगाया है कि युवक ने पहले उसे भरोसे में लिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब उसने युवक से बातचीत बंद कर उससे दूरी बनाने का प्रयास किया, तो वह उसे धमकाने लगा।

सुसाइड नोट के अनुसार, आरोपी युवक पुलिस में अपनी पहचान होने का दावा करता था। वह जेल जाने की स्थिति में जल्द बाहर आ जाने की बात कहकर भी युवती को डराता था। युवती ने युवक पर अपने भाई सहित परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उसने नोट में युवक को सजा दिलाने और अपने लिए न्याय की मांग की है।

युवती ने सुसाइड नोट में परिवार के सदस्यों से अपने मोबाइल फोन में मौजूद संदेशों और गैलरी में रखी तस्वीरों को देखने का भी उल्लेख किया है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि युवक और मृतका के बीच संपर्क तथा आरोपों से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके।

मृतका के चाचा ने बताया कि करीब 2 महीने पहले युवती की एक सहेली ने परिवार को जानकारी दी थी कि एक युवक उसे लगातार परेशान कर रहा है। इसके बाद परिवार ने युवती से बातचीत की थी, लेकिन उसने कहा था कि वह स्वयं मामले को संभाल लेगी और आवश्यकता पड़ने पर परिवार को इसकी जानकारी देगी।

चाचा के मुताबिक, परिवार के सदस्य युवती को समझाते थे कि यदि कोई युवक उसे परेशान करता है अथवा धमकी देता है, तो तत्काल इसकी जानकारी दे, ताकि पुलिस में शिकायत की जा सके। हालांकि, युवती ने इस संबंध में पहले कोई औपचारिक शिकायत नहीं की थी। परिजनों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह इतनी अधिक मानसिक परेशानी से गुजर रही है।

परिजनों का आरोप है कि संबंधित युवक पिछले करीब 2 महीने से युवती को परेशान कर रहा था और उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। युवक उसके भाई, बहन और मां को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी देता था। परिवार के अनुसार, युवक आपराधिक प्रवृत्ति का है और पहले भी जेल जा चुका है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच में पुष्टि होना अभी बाकी है।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि घटना वाले दिन युवती ने अपनी मां, भाई और बहन से तबीयत खराब होने की बात कही थी और घर में आराम करने के लिए रुक गई थी। सामान्य दिनों में वह सुबह अपने कार्यस्थल चली जाती थी, लेकिन उस दिन काम पर नहीं गई। घटना से एक दिन पहले वह अपनी सहेलियों के साथ दुर्गा दर्शन करने भी गई थी। परिवार को उसके इस तरह का कदम उठाने की कोई आशंका नहीं थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित