दुर्ग , जुलाई 28 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ लाइसेंसी बंदूक का भय दिखाकर जमीन पर कब्जा करने, जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मोहन नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार उन्हें मिली शिकायत में मालवीय नगर निवासी प्रविंदर सिंह चाने ने आरोप लगाया है कि डिपरापारा वार्ड-9 निवासी प्रॉपर्टी डीलर लाखन सिंह वर्ष 2017-18 से सिकोला बायपास स्थित अंजनी मैरिज पैलेस परिसर एवं उसके आसपास की जमीन पर कब्जा किए हुए है।

शिकायत के अनुसार, जब उन्हें इसकी जानकारी मिली और उन्होंने पटवारी से संपर्क करने का प्रयास किया तो आरोपी को इसकी भनक लग गई। इसके बाद आरोपी ने उन्हें लगातार धमकाना शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी के भय के कारण कोई भी खरीदार उक्त जमीन खरीदने के लिए आगे नहीं आया, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में वही जमीन आरोपी को बेचनी पड़ी।

प्रविंदर सिंह चाने ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उन्हें अपने कार्यालय बुलाया, जहां सामने लाइसेंसी बंदूक रखकर भयभीत किया और रजिस्ट्री समेत अन्य दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। उनका कहना है कि सौदा तय होने के बावजूद उन्हें पूरी रकम नहीं दी गई और शेष राशि मांगने पर कानूनी मामलों में फंसाने की धमकी दी गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने पहले उनकी पत्नी नम्रता चाने के नाम से हुई एक रजिस्ट्री पर भी आपत्ति दर्ज कराई थी। साथ ही बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर जमीन बेचने का दबाव बनाया तथा धारा 338 के मामले में जेल भेजने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर खसरा नंबर 290 की जमीन की रजिस्ट्री फर्जी व्यक्ति के नाम होने का दावा किया और उनकी पत्नी को भी मामले में फंसाने की धमकी दी। हालांकि बाद में संदेश डिलीट कर दिया गया, लेकिन उससे पहले उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित