दुर्ग , अगस्त 11 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में घर से करीब दो लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी कराने के मामले में पुलिस ने भिलाई के वार्ड नंबर-6 के पार्षद रविशंकर कुर्रे के बेटे अनुराग कुर्रे (32) को हिरासत में लिया है। आरोप है कि अनुराग ने अपने साथी के साथ मिलकर एक नाबालिग को डराया-धमकाया और उसके मामा के घर से सोने के जेवर चोरी करने के लिए कहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्मृतिनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के इस मामले में दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान (32) ने 9 अगस्त को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, अनुराग कुर्रे की पहचान एक दोस्त के माध्यम से उनके नाबालिग भांजे मोहम्मद अतीफ से हुई थी।
आरोप है कि इसके बाद अनुराग ने नाबालिग को डराया-धमकाया तथा जान से मारने की धमकी देकर उसके मामा के घर से सोने के जेवर चोरी कर लाने के लिए कहा। शिकायत के मुताबिक नाबालिग ने घर से सोने की दो अंगूठियां, एक हार, एक जोड़ी कान की बालियां और एक मंगलसूत्र चोरी कर अनुराग को दे दिया। इन जेवरों की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। आरोप है कि जेवर लेने के बदले अनुराग ने नाबालिग को कुछ पैसे दिए।
मामले में नाबालिग की मां शाहीन परवीन ने भी स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के मुताबिक नाबालिग ने घर से एक जोड़ी सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां चोरी कर अनुराग कुर्रे को दी थीं। इन जेवरों की कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है।
शिकायतों में अनुराग कुर्रे पर नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग एप पर पैसे लगाने की आदत डालने का भी आरोप लगाया गया है। मोहम्मद मोहसीन खान के मुताबिक, पिछले 2-3 महीनों से नाबालिग अनुराग के कहने पर ऑनलाइन बेटिंग में पैसे लगा रहा था। नाबालिग की मां ने भी अपनी शिकायत में कहा है कि पिछले 2-3 महीनों से उसका बेटा अनुराग के कहने पर यह काम कर रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित