दुर्ग , मई 04 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी के अवैध मकान पर सोमवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। यह कार्रवाई नगर निगम और पुरानी भिलाई थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा और उसका परिवार पुरैना बस्ती स्थित शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर निवास कर रहे थे। नगर निगम प्रशासन ने पूर्व में विधिवत नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए थे, लेकिन नोटिस की अवहेलना किए जाने पर आज यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान मकान को ध्वस्त कर दिया गया तथा घर में रखा सामान भी जब्त किया गया।

उल्लेखनीय है कि 25 अप्रैल को पुरैना बस्ती से पांच वर्षीय बच्ची सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। देर शाम बच्ची एनएसपीएसीएल पावर प्लांट के समीप झाड़ियों में मिली, जहां आरोपी ने उसके हाथ-पैर बांध रखे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) (अपहरण) और धारा 65(2) (दुष्कर्म) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ मारपीट, गांजा एवं शराब की अवैध बिक्री जैसे कई मामले दर्ज हैं। साथ ही वह नशे का आदी भी बताया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित