दुर्ग , नवंबर 09 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलगांव थाना क्षेत्र के एक ढाबे में कार्यरत युवक को बातचीत के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल एक अपचारी बालक को भी संबंधित न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपियों पर युवक को धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और उससे 8500 रुपए नकद तथा करीब 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन लूटने का आरोप है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, घटना सात नवंबर की रात करीब 8:30 बजे हुई। राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना अंतर्गत ग्राम इंदावानी निवासी चुनेंद्र साहू उर्फ बंटी (19) पुलगांव क्षेत्र स्थित एक ढाबे में काम करता है। घटना के समय वह ढाबे में अपना काम कर रहा था। इसी दौरान चार लोग वहां पहुंचे और बातचीत करने के बहाने उसे ढाबे के पीछे ले गए।
आरोप है कि सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद चारों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए पैसों की मांग की। युवक के विरोध करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और डंडे से उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने युवक की जेब से 8500 रुपए नकद और करीब 10 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन छीन लिया तथा मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के पुलगांव नदी के आसपास मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित