दुर्ग , जुलाई 09 -- ) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मोहन नगर थाना पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लाख 4 हजार रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन तथा ताश की गड्डियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 4 एवं 5 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से आज मिली जानकारी अनुसार, 8 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर नाका क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर मोहन नगर थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की और छापेमार कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 9 लाख 4 हजार रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त ताश की गड्डियां बरामद की गईं। इसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित