दुर्ग , जनवरी 14 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई के सेंट्रल ऐवेन्यू मार्ग पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार लोगों ने समय रहते वाहन से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना भट्ठी थाना क्षेत्र की है। जहां कार सेंट्रल ऐवेन्यू से गुजर रही थी, तभी अचानक वाहन के इंजन हिस्से से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन दस्ता मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित