दुर्ग , अप्रैल 24 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने नशीली प्रतिबंधित सिरप की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य की 800 बोतल कोडीन युक्त सिरप, एक कार, एक्टिवा, मोबाइल फोन और नकदी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि 23 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जुनवानी-खम्हरिया रोड पर कुछ लोग बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप की अवैध बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान एक कार में रखे कार्टन से 800 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद की गई। पूछताछ में सामने आया कि यह कोई सामान्य आपूर्ति नहीं, बल्कि एक संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी योगेश शर्मा (41) और उमेश कुमार यादव (42) ने असली ड्रग लाइसेंस में हेरफेर कर फर्जी लाइसेंस तैयार किया था। इसी फर्जी दस्तावेज, नकली लेटरपैड और सील का इस्तेमाल कर गुजरात की कंपनियों से प्रतिबंधित सिरप मंगाया जाता था। इसके लिए ई-कूरियर सेवाओं और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सहारा लिया जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित