रायपुर , मार्च 28 -- यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा दुर्ग-दल्लीराजहरा सेक्शन में प्लेटफॉर्म विस्तार एवं नए प्लेटफॉर्म निर्माण के महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के तहत सेक्शन के 08 स्टेशनों-मरौदा, पउवारा, रिसामा, गुंडरदेही, सिकोसा, लाटाबोर, भैंसबोर्ड और सलाईटोला-के प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाई जाएगी, जिससे 12 कोच वाली मेमू ट्रेनों का ठहराव संभव हो सकेगा। इस कार्य पर लगभग 10.78 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

इसके अलावा, यात्री ट्रेनों की परिचालन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से बालोद, दल्लीराजहरा-भानुप्रतापपुर और गुदुम स्टेशनों पर द्वितीय प्लेटफॉर्म के निर्माण की योजना को भी मंजूरी दी गई है। इन स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए रैम्प सहित फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का भी निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों की संयुक्त लागत करीब 30 करोड़ रुपये आंकी गई है।

इसी क्रम में कुसुमकसा स्टेशन पर भी 12 कोच वाली डीईएमयू ट्रेनों के अनुरूप प्लेटफॉर्म विस्तार, यात्री सुविधाओं का उन्नयन, फर्नीचर की व्यवस्था तथा 3 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज सहित द्वितीय प्लेटफॉर्म निर्माण का प्रावधान किया गया है। इस कार्य पर लगभग 8 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित