दुर्ग , जुलाई 31 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला चिकित्सालय की मदर-चाइल्ड यूनिट के ऑपरेशन थिएटर में चींटियों की मौजूदगी के कारण संक्रमण की आशंका उत्पन्न होने पर पिछले तीन दिनों से सिजेरियन ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं। मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित ऑपरेशन थिएटर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है तथा सभी सीजर ऑपरेशन मेजर ओटी में कराए जा रहे हैं।
अस्पताल में सीजर ऑपरेशन मेजर ओटी में स्थानांतरित किए जाने से पहले से निर्धारित आर्थोपेडिक सहित अन्य प्लांड सर्जरी भी प्रभावित हुई हैं। जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन पांच ऑपरेशन स्थगित करने पड़े, जबकि आपातकालीन सर्जरी दूसरी ऑपरेशन टेबल पर जारी रखी गई।
बताया गया है कि अस्पताल की पुरानी इमारत, उखड़ी हुई टाइल्स तथा उनमें बनी दरारों के जरिए बड़ी संख्या में चींटियां ऑपरेशन थिएटर तक पहुंच रही थीं। इसके अलावा पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था में लापरवाही और भवन की तकनीकी खामियों को भी इस समस्या का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन ने प्रभावित ऑपरेशन थिएटर को सील कर पेस्ट कंट्रोल, फ्यूमिगेशन और आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है।
सिविल सर्जन आशीषण मिंज ने बताया, "संक्रमण के खतरे को पूरी तरह खत्म करने के लिए सभी जरूरी प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं।" उन्होंने कहा, "फिलहाल किसी भी मरीज को दूसरे अस्पताल रेफर नहीं किया गया है और सभी आवश्यक ऑपरेशन अस्पताल के दूसरे ऑपरेशन थिएटर में कराए जा रहे हैं।"उन्होंने कहा, "फ्यूमिगेशन और तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले दो से तीन दिनों में मदर-चाइल्ड यूनिट का ऑपरेशन थिएटर फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।" उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए अस्पताल प्रशासन स्थायी समाधान पर भी काम कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित