दुर्ग , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 105.85 लाख रुपये की लागत से सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क का निर्माण किया जाएगा।

प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बुधवार को वार्ड क्रमांक 15 में सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर मंत्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सड़कें, सुगम यातायात और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में सीसी सड़क के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। इसका लाभ स्थानीय नागरिकों के साथ व्यापारियों, परिवहन कारोबारियों और वाहन चालकों को मिलेगा। सड़क निर्माण से मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी अधिक सुगम हो सकेगी।

मंत्री यादव ने कहा कि दुर्ग शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित