दुर्ग , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सामने आए अवैध अफीम खेती प्रकरण से जुड़े मामले में निलंबित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को शुक्रवार को पुनः सेवा में बहाल कर दिया गया।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उन पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के उल्लंघन के आरोपों के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई थी, जिसे अब वापस लेते हुए नई पदस्थापना दी गई है।
प्रशासन ने एकता साहू को विकासखंड धमधा में वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर पदस्थ किया है। यह कार्रवाई उस मामले के बाद हुई थी, जिसमें ग्राम समोदा में मक्के की आड़ में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का खुलासा हुआ था।
जांच में सामने आया था कि खेतों के निरीक्षण और फसल सत्यापन में लापरवाही के चलते कागजी रिकॉर्ड में मक्का दर्शाया गया, जबकि वास्तविकता में अफीम की खेती की जा रही थी। इस मामले में कथित रूप से एक स्थानीय राजनीतिक व्यक्ति समेत अन्य लोगों की गिरफ्तारी की गई थी।
प्रकरण में अब तक कुल सात आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की निगरानी जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित