रांची , अक्टूबर 14 -- झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, आध्यात्मिक चेतना और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है।

माँ दुर्गा शक्ति, साहस और करुणा की प्रतीक हैं। यह पर्व बुराई पर अच्छाई तथा अन्याय पर न्याय की विजय का संदेश देने के साथ सभी को सत्य के मार्ग पर चलने और कठिन परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा देता है।

राज्यपाल श्री गंगवार आज श्री रामलला पूजा समिति द्वारा जिला स्कूल परिसर में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल के उद्घाटन के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। विदित हो कि यह पंडाल वाराणसी स्थित सर्ववेद महामंदिर धाम के प्रारूप पर आधारित है।

श्री गंगवार ने नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के अवसर पर सभी राज्यवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए माँ दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि माँ दुर्गा की आराधना नारी शक्ति के प्रति हमारी श्रद्धा और सम्मान को भी अभिव्यक्त करती है। महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण समाज की प्रगति के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर ऐसा वातावरण बनाने का प्रयास करना चाहिए, जहाँ प्रत्येक बेटी को अपनी प्रतिभा विकसित करने तथा जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे पर्व समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ लाते हैं, आपसी मेल-जोल बढ़ाते हैं और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएँ गौरव का विषय हैं। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

श्री गंगवार ने माँ दुर्गा से सभी को शक्ति, सद्बुद्धि और सेवा-भाव प्रदान करने तथा झारखण्ड सहित पूरे देश में शांति, सद्भाव और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने सभी से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित