रांची , अक्टूबर 15 -- झारखंड की राजधानी रांची में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं।

शहर के कई प्रमुख पूजा पंडालों के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं। पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ और त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस प्रशासन की ओर से शहर की प्रमुख सड़कों पर फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीएम, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी और ग्रामीण एसपी ने किया। इस दौरान पुलिस बल ने शहर के विभिन्न इलाकों में मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

।दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पूजा पंडालों में पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी पुलिस की सतर्कता बढ़ाई जाएगी।

सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुस्तैदी से काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है।

पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील भी की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित