दरभंगा , अक्टूबर 16 -- बिहार के दरभंगा जिले में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को पूरी तरह सक्रिय रहते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने, भीड़ प्रबंधन एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सप्तमी से ही पूजा पंडालों एवं धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगती है। इसे देखते हुए सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर लें। भीड़भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित तालाबों, पोखरों एवं अन्य जलाशयों का पूर्व निरीक्षण करने तथा गहरे पानी वाले स्थानों एवं जोखिमपूर्ण क्षेत्रों को चिह्नित कर आवश्यक बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। विसर्जन मार्गों की स्थिति, भीड़ की संभावना एवं आवागमन की व्यवस्था का आकलन कर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित