गोपालगंज, अक्टूबर 16 -- ुर्गापूजा के दौरान गोपालगंज जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला पदाधिकारी समीर सौरभ के निर्देशानुसार शुक्रवार को प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी की उपस्थिति में अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज डॉ. प्रेरणा सिंह एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोपालगंज द्वारा ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग के दौरान सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता के साथ विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, भीड़ प्रबंधन, सुगम यातायात तथा महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
साथ ही, अफवाहों एवं भ्रामक सोशल मीडिया संदेशों पर निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हथुआ तथा अन्य हथुआ अनुमंडल के पदाधिकारी एवं प्रतिनियुक्त कर्मी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।
जिला प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित