आसनसोल , मई 28 -- पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में ब्लॉक नंबर-1 के तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) अध्यक्ष राजीव घोष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें गिरफ्तारी के बाद दुर्गापुर अनुमंडल अदालत में पेश करने पर भारी हंगामा हुआ।

गौरतलब है कि बुधवार रात श्री घोष डीएसपी परिसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय कार्यालय गए थे। यह जानकारी मिलते ही कमल ब्रिगेड के सैकड़ों समर्थक बाहर जमा हो गए और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारे और प्रदर्शन करने लगे। जैसे ही हालात बिगड़े, स्थानीय पुलिस केंद्रीय बल के साथ मौके पर पहुंची और उन्हें वहां से निकालकर एडीपीसी के दुर्गापुर थाना के तहत लोकल बी-जोन पुलिस चौकी ले गई। आरोपी नेता दुर्गापुर पूर्व विधानसभा सीट के भाजपा संयोजक संतोष मुखर्जी से मिलने गए थे।

भाजपा समर्थकों ने कहा कि 2021 के विधानसभा चुनावों के बाद टीएमसी ब्लॉक अध्यक्ष विपक्षी पार्टी के समर्थकों के खिलाफ हिंसा में शामिल थे। भाजपा समर्थकों ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी के डर से वे स्थानीय थाना में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। एक महिला भाजपा कार्यकर्ता ने तो यहां तक कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान घोष कुछ और लोगों के साथ दुर्गापुर के तानसेन रोड में उनके बूथ कैंप में घुस गए और उन्हें बेरहमी से पीटा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित