दुमका , फरवरी 19 -- झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर एक वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज गुरूवार को दिन के करीब 12.40 बजे वरीय पदाधिकारियों से दुमका की ओर से एक हुंडई आई 10 वाहन में छुपाकर अवैध शराब बिहार ले जाने की सूचना मिली। इस सूचना के संबंध में सनहा दर्ज कर मामले के सत्यापन एवं आवश्यक कारवाई के मद्धेनजर सशस्त्र बल को प्रस्थान किया गया और वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर हँसंडीहा- गोड्डा मुख्य मार्ग पर अवस्थित रेलवे फाटक के समीप तत्काल वाहन चेंकिग लगाया।
इसी क्रम में कुछ देर बाद हँसडीहा की ओर से एक सफेद रंग की हुंडई कार को आते देखा गया। पुलिस टीम ने उक्त कार को रूकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी खड़ा कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मौके पर तैनात सशस्त्र बल के जवानों ने दौड़ाकर उक्त वाहन चालक को पकड़ लिया।
पुलिस ने जाँच के दौरान वाहन पर 05 पेटी में भर कर रखा रायल स्टेज लिखा 120 बोतल, 07 पेटी इम्पेरियल ब्लू लिखा 168 बोतल, 03 पेटी रायल चैलेंज लिखा 72 बोतल सहित कुल 360 बोतल अवैध अंग्रेजी बरामद किया। इसी क्रम में पुलिस ने वाहन चालक से अवैध अंग्रेजी शराब के कागजात की मांग की, लेकिन कोई कागजात नहीं दिखाये जाने पर टीम ने गोड्डा जिले के देवडांड़ थाना क्षेत्र के खरखछिया गांव निवासी मो० महबूब अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में हँसडीहा थाना में बीएनएस की धारा 274,275,286,317(5),3(5) और उत्पाद अधिनियम 47 ए, 5 और 55 के तहत कांड संख्या 16/2026 दर्ज कर उक्त आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
छापामारी दल में जरमुंडी के अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अमित कच्छप, हंसडीहा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक विशुनदेव पासवान,थाना प्रभारी पुअनि अजीत कुमार यादव, अनुसंधानकर्ता पुअनि जिम्मी हाँसदा, दिलीप हाँसदा,सअनि बिनोद सिंह,हवलदार सिमोन सोरेन के साथ पंकज कुमार, अजय कुमार, आदर्श कुमार सहित कई पुलिस कर्मी भी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित