दुमका , फरवरी 23 -- झारखंड के दुमका जिले में शांतिपूर्वक और भय मुक्त माहौल में नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान सम्पन्न हुआ।
दुमका नगरपालिका क्षेत्र में बने 42 मतदान केन्द्रों पर कुल 40729 मतदाताओं में से लगभग 24633 यानि 60.47 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। जिला प्रशासन की ओर चाक-चौबंद भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह से दोपहर तक मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कम उपस्थिति रही,लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही दोपहर बाद से निर्धारित समय शाम के पांच बजे तक मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लम्बी कतार लगी रही।
इसके साथ ही दुमका नगर पर्षद के अध्यक्ष पद के लिये मैदान में उतरे 18 और 21 वार्ड सदस्यों में निर्विरोध चुने गये दो वार्डों को छोड़ कर 19 वार्डों के लिये मैदान में उतरे 80 वार्ड पार्षद प्रत्याशियों की किसमत मतपेटी में सील हो गयी है। इसी तरह दुमका जिले के बासुकीनाथ नगर पंचायत क्षेत्र में 14254 मतदाताओं में से लगभग 10562 यानि 74.10 प्रतिशत मतदाओं ने भय मुक्त वातावरण में निर्भिक होकर अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने वाले इस क्षेत्र के मतदाताओं ने अध्यक्ष के छह और 12 वार्ड पार्षद सदस्य पदों के लिये मैदान में उतरे 74 प्रत्याशियों के भाग्य को मतपेटी में बंद कर दिया है।
इस चुनाव में दुमका नगर पर्षद का दो बार अध्यक्ष रह चुकी भाजपा समर्थित प्रत्याशी अमिता रक्षित और निवर्तमान अध्यक्ष श्वेता झा के पति अजय कुमार झा की प्रतिष्ठा दांव पर लग गयी है। आम मतदाता इस चुनाव में दोनों पूर्व नगर पर्षद अध्यक्षों को मुख्य रूप से झामुमो कार्यकर्ता रहे अभिषेक चौरसिया, जेपी आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभानेवाले राधेश्याम वर्मा, नगर पर्षद के निवर्तमान उपाध्यक्ष रहे विनोद कुमार लाल और सुमीत से कड़ी टक्कर मिलने को लेकर अटकलें लगा रहे हैं।
आम मतदाताओं को वोटों की गिनती 27 फरवरी तक का इंतजार करना होगा। मतपत्रों की गिनती के बाद ही इन अटकलों पर विराम लगने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित