रांची , फरवरी 04 -- दुबई में फँसे झारखंड के गिरिडीह और हजारीबाग जिले के मजदूरों को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट किया है कि सभी मजदूर भाई पूरी तरह सुरक्षित हैं और एक-दो दिनों के भीतर उन्हें सकुशल स्वदेश वापस लाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मजदूरों के बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही वह व्यक्तिगत रूप से बेहद चिंतित हो गए थे। मजदूरों के परिजन लगातार संपर्क में थे और अपने बच्चों की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे थे।
डॉ अंसारी ने बताया कि जैसे ही यह जानकारी मिली कि झारखंड के कुछ मजदूर दुबई में फँसे हुए हैं, वहाँ मौजूद झारखंड के लोगों को तुरंत सक्रिय किया गया।
दुबई में रह रहे जाहिद नामक व्यक्ति ने मजदूरों का पता लगाया और मौके पर पहुँचकर स्थिति की पूरी जानकारी मंत्री को दी। डॉ. अंसारी ने कहा कि जाहिद की तत्परता और संवेदनशीलता सराहनीय है। जाहिद के पहुँचते ही मजदूरों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी। मंत्री के निर्देश पर मजदूरों से सीधी बातचीत कराई गई और आवश्यक कागजी प्रक्रिया के तहत उनके पासपोर्ट जमा कराए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ अंसारी ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर वे लगातार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संपर्क में हैं और राज्य सरकार के सहयोग से सभी मजदूरों को जल्द सुरक्षित झारखंड लाया जाएगा। उन्होंने झारखंड के सभी माता-पिता और परिजनों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनके बच्चे सुरक्षित हैं और सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।
डॉ. इरफान अंसारी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग दूर बैठकर बयानबाज़ी कर रहे हैं, जबकि उनकी सरकार ज़मीन पर उतरकर काम करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि झारखंड हो, देश हो या विदेश-उनके कार्यकर्ता हर जगह इंसानियत और ईमानदारी के साथ लोगों की सेवा करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आलोचना करने वालों को करने दिया जाए, लेकिन उनकी सरकार का रास्ता साफ है-समाज की सेवा, और उसी रास्ते पर वे आगे बढ़ते रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित