पटना , अप्रैल 28 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने मंगलवार प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पूरी दुनिया में चारों ओर संघर्ष और तनावपूर्ण वातावरण के बीच यह संस्था समाज में सकारात्मक संदेश दे रही है।
राज्यपाल ने बिहार लोक भवन दरबार हॉल में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से बिहार के शासन एवं प्रशासन से जुड़े अधिकारियों के लिए आयोजित "कर्मयोग द्वारा सशक्त भारत" अभियान का शुभारंभ किया और उसकी महता पर प्रकाश डाला।
श्री हसनैन ने इस अवसर पर कहा कि प्रत्येक कार्य को पूरी तन्मयता से करना चाहिए और यही 'कर्म ही पूजा है' का मूल दर्शन है। उन्होंने कहा कि एक कुशल नेतृत्वकर्ता के लिए आवश्यक है कि वह अपने सहकर्मियों के बीच सकारात्मकता का वातावरण बनाए तथा उनकी गरिमा का सम्मान करे। उन्होंने कहा कि इससे सभी को खुशी और प्रेरणा मिलती है।
राज्यपाल श्री हसनैन ने शासन एवं प्रशासन से जुड़े अधिकारियों तक इस अभियान को प्रभावी रूप से पहुँचाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों को कलश एवं भाइयों को ध्वज प्रदान किया तथा उन्हें इस पुनीत कार्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम को ओम शांति रिट्रीट सेंट्रल, गुरूग्राम, दिल्ली की निदेशक राजयोगिनी बीके आशा एवं प्रशासनिक प्रभाग के मुख्यालय समन्वयक राजयोगी बीके हरीश ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित