जयपुर , जुलाई 28 -- विश्च में प्रतिदिन 4900 से अधिक लोग हेपेटाइटिस बी या सी से संक्रमित होते हैं और लगभग 28.7 करोड़ लोग क्रॉनिक हेपेटाइटिस से प्रभावित हैं जिससे हर वर्ष लाखों लोगों की मृत्यु इस बीमारी के कारण होती है।

विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर जयपुर में फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल के वरिष्ठ पेट, आंत एवं लिवर रोग विशेषज्ञ डाॅ सुरेन्द्र सुल्तानिया ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ग्लोबल हेपेटाइटिस रिपोर्ट-2026 के अनुसार यह जानकारी देते हुए बताया कि भारत उन देशों में शामिल है जहां हेपेटाइटिस बी का बोझ सबसे अधिक है, इसलिए समय पर जांच और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

केन्द्र सरकार के नेशनल वायरल हेपेटाइटिस कंट्रोल प्रोग्राम (एनवीएचसीपी) के तहत देशभर में स्क्रीनिंग और उपचार सेवाओं का विस्तार किया गया है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग ऐसे हैं जिन्हें यह पता ही नहीं है कि वे हेपेटाइटिस से संक्रमित हैं, क्योंकि उन्होंने कभी जांच नहीं कराई है।

डाॅ सुल्तानिया ने बताया कि हेपेटाइटिस केवल शराब पीने वालों की बीमारी नहीं है। यह संक्रमित रक्त, असुरक्षित इंजेक्शन, बिना जांच किए गए रक्त चढ़ाने, संक्रमित चिकित्सा उपकरणों तथा संक्रमित माँ से नवजात शिशु में भी फैल सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने लिवर के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

यदि आपको पुरानी लिवर की बीमारी, परिवार में हेपेटाइटिस का इतिहास, पहले कभी रक्त चढ़ाया गया हो या आपके काम के दौरान रक्त के संपर्क में आने की संभावना रहती हो, तो चिकित्सक की सलाह पर हेपेटाइटिस की जांच अवश्य करानी चाहिए। अधिकांश लोग तब तक खुद को स्वस्थ मानते हैं, जब तक कोई दर्द, बुखार या अन्य स्पष्ट लक्षण दिखाई न दें लेकिन कुछ गंभीर बीमारियां बिना किसी संकेत के वर्षों तक शरीर में बढ़ती रहती हैं। वायरल हेपेटाइटिस (हेपेटाइटिस बी और सी) ऐसी ही एक बीमारी है, जो धीरे-धीरे लिवर को नुकसान पहुंचाती है और अक्सर इसका पता तब चलता है, जब काफी देर हो चुकी होती है।

डाॅ सुल्तानिया ने कहा कि हेपेटाइटिस बी और सी का संक्रमण लंबे समय तक बिना किसी लक्षण के रह सकता है। ऐसे में व्यक्ति सामान्य जीवन जीता रहता है, जबकि वायरस उसके लिवर को लगातार नुकसान पहुंचा रहा होता है। जब तक थकान, पीलिया, पेट में सूजन, भूख कम लगना या बिना कारण वजन घटना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तब तक लिवर गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित