पटना , अक्टूबर 08 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि बिहार की पारंपरिक एवं विशिष्ट फल प्रजातियां हमारी समृद्ध कृषि विरासत का हिस्सा हैं और दुधिया मालदा आम को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना सरकार का संकल्प है।
मंत्री ने कहा कि इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सरकार ने 1.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
श्री सिन्हा ने कहा कि शहरीकरण, कीट-रोग और जलभराव समेत विभिन्न कारणों से दीघा के दुधिया मालदा आम के मूल वृक्षों की संख्या घटकर करीब 100 रह गई है। इसके मद्देनजर मूल वृक्षों की पहचान, स्थान-निर्धारण आधारित सर्वेक्षण, आनुवंशिक सामग्री का संरक्षण और क्षेत्रीय जीन बैंक की स्थापना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि चयनित मूल वृक्षों से वैज्ञानिक तरीके से पौध प्रवर्धन कर किसानों को प्रमाणिक एवं गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। आगे चलकर एक ही मूल वृक्ष के गुणों वाली पौध तैयार कर बड़े पैमाने पर किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे इस पारंपरिक प्रजाति के संरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित