भोपाल , मार्च 25 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल एक अप्रैल को मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना के हितग्राहियों को दुधारू पशुओं की सौगात देंगे। यह कार्यक्रम मंडला जिले के विकासखंड बिछिया के ग्राम कान्हारी कला में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल भी उपस्थित रहेंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार राज्यमंत्री लखन पटेल ने आज लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल से भेंट की और उन्हें कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आमंत्रित किया। राज्यपाल ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति प्रदान की। इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव भी उपस्थित थे।

प्रदेश सरकार द्वारा विशेष पिछड़ी जनजातियों बैगा, सहरिया और भारिया समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए यह योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत हितग्राहियों को इकाई लागत का 90 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है, जबकि शेष 10 प्रतिशत राशि हितग्राही द्वारा वहन की जाती है। यह योजना डिंडोरी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, श्योपुर, मुरैना और भिंड जिलों में क्रियान्वित की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित