छिंदवाड़ा , सितंबर 23 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के देहात थाना क्षेत्र में चोरों ने एक चाय-नाश्ता और पान दुकान को चौथी बार निशाना बनाया और दुकान से चार गैस सिलेंडर, सिगरेट के पैकेट, पाउच, पेट्रोल और करीब ड़ेढ हजार रुपए की चिल्लर समेत लगभग 25 हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गए।
जिले के देहात थाना क्षेत्र में थूनीया-उदना-रोहना बायपास के पास स्थित दुकान में रात के समय तीन चोर घुसे। बदमाशों ने पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ा और इसके बाद दुकान की चादर काटकर अंदर प्रवेश किया। चोर यहां से चार गैस सिलेंडर, सिगरेट के पैकेट, पाउच, पेट्रोल लगभग 25 हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गए। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घटना के बाद दुकान संचालक ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। साथ ही साइबर सेल से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने में मदद करने की गुहार लगाई है।
दुकान संचालक प्रफुल पाल ने बताया कि वे रोज की तरह सोमवार रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसके बाद रात करीब ढाई बजे तीन बदमाश दुकान के पास पहुंचे। बदमाशों ने सबसे पहले दुकान की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को तोड़ा। इसके बाद दुकान की चादर काटकर अंदर घुसे और सामान खंगालना शुरू कर दिया। चोरों ने दुकान में रखे चार गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान समेट लिया और मौके से फरार हो गए।
दुकान संचालक ने बताया कि सुबह दुकान पहुंचने पर उनको चोरी का पता चला। दुकान की चादर टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। उन्होंने बताया कि यह पहली बार नहीं है, जब उनकी दुकान को निशाना बनाया गया है। इससे पहले भी तीन बार दुकान में चोरी हो चुकी है। उनका कहना है कि पिछली घटनाओं में भी चोर दुकान का ताला तोड़कर या चादर काटकर अंदर घुसे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित