भिण्ड , मई 29 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक मकान की दीवार गिरने से युवक की मृत्यु हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल रात तेज हवा और बारिश के कारण एक मकान की करीब आठ फीट ऊंची बाउंड्रीवॉल टूटकर छत पर गिर गई। इससे छत की पत्थर पट्टियां टूटकर नीचे कमरे में बैठे परिवार के सदस्यों पर आ गिरीं।
घटना में गोहद कृषि उपज मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष दुर्ग सिंह तोमर के इकलौते पुत्र जितेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहद लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया। हालांकि ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
आज गोहद अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायल चार अन्य परिजनों का उपचार जारी है।
उधर जिले के अन्य हिस्सों में भी तेज आंधी और बारिश से जनहानि और पशुहानि की घटनाएं सामने आई हैं। सर्वा गांव में एक मकान की दीवार गिरने से किसान जनक सिंह कुशवाहा की भैंस की मृत्यु हो गई।
वहीं रौन थाना क्षेत्र के मानगढ़ गांव में खराब मौसम और तेज आंधी के कारण 30 से 40 भेड़-बकरियों की मृत्यु होने की सूचना है। जिला प्रशासन ने पूरे जिले में हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। प्रशासनिक टीमें प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर रही हैं और राहत सहायता की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित