कानपुर , अप्रैल 22 -- कानपुर में एक गांव दीवार के प्लास्टर को लेकर दो पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि मामला जिलाधिकारी के जनता दर्शन तक पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गांव जाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया।
बिल्हौर क्षेत्र के ग्राम मान निवादा निवासी अंजू और उनकी पड़ोसी के बीच दीवार के प्लास्टर और निर्माण कार्य को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरुआती असहमति धीरे-धीरे जिद में बदल गई और दोनों पक्ष इस बात पर अड़ गए कि पहले काम कौन कराएगा। बढ़ते विवाद के बाद अंजू ने जनता दर्शन में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया।
निर्देश पर एएसडीओ सदर संजीव दीक्षित राजस्व व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई। जांच में स्पष्ट हुआ कि विवाद केवल निर्माण कार्य के क्रम को लेकर था, लेकिन आपसी जिद के कारण मामला तूल पकड़ गया था।
लंबी बातचीत और समझाइश के बाद समाधान निकाला गया कि एक पक्ष निर्धारित समय में पहले प्लास्टर कार्य पूरा करेगा, उसके बाद दूसरा पक्ष अपना निर्माण कार्य आगे बढ़ाएगा। इस पर दोनों पक्ष सहमत हो गए और भविष्य में विवाद न करने का आश्वासन दिया। प्रशासन की पहल से गांव में कई दिनों से चल रहा तनाव समाप्त हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित